Sunday, May 31, 2015

कभी तो...

कभी तो जिन्दगी, सीधे रास्ते पर चलेगी.
ये गम की रात है, कभी तो दिन में ढलेगी.

भले पत्थरीला है रास्ता, मंजिल का ए दोस्त,
आहिस्ता ही सही, कभी तो अपनी बनेगी.....

Thursday, December 18, 2014

बस में नहीं

बस में नहीं किसी का आना,
किसी का जाना
मग़र 
इन्साफ़ के तराजू में
क्या तुलता है
इन्सान को ही 
समझ ना आया
अब तलक
************************

Monday, November 3, 2014

ये सफ़र है जिन्दगी का


सफ़र के बाद 
जब मैं 
अपने घर 
सुरक्षित पहुंच जाता हूं
तो
भगवान का शुक्रिया अदा करता हूं
"कि मुझे तो बस
बचाने वाला तो तूं ही है"
वरना तो 
सड़क के चप्पे-चप्पे पे
मौत खड़ी 
इन्तज़ार करती रहती है
हर पल.....
************************

Saturday, September 27, 2014

बिखरते सपने

ये जानता हर शख्स
कि देने वाला मेरा रब ही है
मगर उम्मीदों का चराग
किसी और की लौ से जलाने की उम्मीद
ना जाने क्यों बाध लेता है
और
जब उम्मीद टूटते ही
बिखर जाते हैं सपने

Thursday, September 26, 2013

जिन्दगी पतंग

उम्मीदों की डोर से 
उड़ रही जिन्दगी की पतंग.
किसी ने छोड़ा मझधार में
कोई आज भी है संग.j

Friday, August 30, 2013

खुशबू का सफ़र

अब निकला है एक बगूला खुशी का,
निराशा के जंगल से,
मिशन पर निकला है एक निडर पर्वतारोही,
भ्रष्टाचार के अमंगल से,
बदलने वक्त को,
गन्दे रक्त को,
अंधेरे गुनाह के दागों को,
उजाले की धूप से धोने की जुगत,
अब भी उसके ह्रदय में संचित है,
फूलो की खुशबू की तरह...

***********************

Friday, June 21, 2013

स्वार्थ की कुल्हाड़ी

प्रकृति से छेड़छाड़,
स्वार्थ की कुल्हाड़ी से,
परम्पराओं का कटान,
कर्म को त्याग,
धर्म के पीछे दौड़ना,
अपनी चाल में चल रही,
नदियों को मोड़ना,
साफ़ सुथरे पानी में,
अपने जिस्म का कचरा छोड़ना-
अपने पाप के बोझे को,
जिस्म पर लाद कर,
धरती का सीना मरोड़ना,
आपाधापी के बवंडर में
फिर विस्फोट तो होगा ही...
************************.

Thursday, June 6, 2013

ठोकरों ने सिखाया


ठोकरों ने सिखाया,
चलने का तरीका बताया.
बस यूं कट गया, 
जिन्दगी का सफ़र बकाया.
भटके हैं बहुत,
सीखें हैं बहुत,
जब मिला ना कोई,
तो तेरा ही बुत बनाया
********************

Friday, May 31, 2013

खेल नियति का

अज़ब है नियति का खेल,

कभी फ़ुर्सत नहीं,

तो कभी उदासी-एकाकी का मेल,

एक घड़ी सौ बरसों की लगी कभी,

तो कभी बरस बीत गए एक घड़ी में....
*****************************

Wednesday, January 30, 2013

शहर जवान हो गया....



शहर अब जवान हो गया है
यहां अब सूरज जल्दी छिपता है
क्यों कि
यहां की इमारतें
काफी बड़ी हो गई हैं

शहर की इस आलीशान कालोनी में
जब मैं पैदल चलता हूं
तो गली के कुत्ते
दुम हिलाते हुए
मेरे साथ-साथ चलते हैं
क्यों कि वे मुझे
अब पहचानने लगे हैं
गली में कोई इन्सान नज़र नहीं आता
यह जान कर वे
मेरा अभिनन्दन करते हैं

इस जवान शहर में
मुझे अपनी बूढी साईकिल याद आ गई
जिसकी सीट अब मुझे
और ऊंची करनी पड़ेगी
शायद...

Wednesday, November 7, 2012

उम्र का जोश


उम्र का जोश और 
उम्र की थकान,
अमीर को ऎश और 
गरीब को मकान,
आने जाने का रास्ता एक है,
मग़र,
सब का एक ही मकाम-
*********************

Thursday, October 18, 2012

ममता


एक ममता ने
पत्थर बन,
अपनी नवजात बेटी को,
किसी पत्थर पर छोड़ दिया,
न जाने क्यों,
अपने लगाव का गला घोंट कर--
और एक मां ने जब 
उसके फूल से बदन पर,
पत्थर से जख़्म देखे तो रो पड़ी-
अब उस मां की जिन्दगी के आगंन में,
हर रोज  खिलता है,
वो फूल
सदाबहार फूल की तरहा--
 ************************

Thursday, August 9, 2012

क्या चाहिए


कुपोषित बच्चों, 
कुपोषित महिलाओं 
को चाहिए 
पोषण,

वृद्धों को चाहिए 
आश्रय,
अनाथ को चाहिए
सहारे की छत्त
और 
गरीब को चाहिए,
रोटी, कपड़ा और मकान.
आम आदमी को चाहिए,
डायन मंहगाई से निज़ात,

लेकिन हुकमरान,
उन्हें दे रहे हैं
मोबाईल फोन,
बात करने के लिए,
मंहगाई से,
सहारे की छत्त से,
और 
बीमारी की लत से..

Tuesday, August 7, 2012

मौसम की शरारत


आज फिर जिस्म को धूप ने छेड़ा है
आज फिर मौसम ने शरारत की है
सड़क को भी पता चल गया है
कि मैं नंगे सिर और नंगे पांव ही
जमीं पर चल रहा हूं....
मग़र जमीं पर तो चल रहा हूं
खुले आसमां के नीचे
मेरे पांव जमीं पर तो हैं..
किसी की अरमानों के सीने पर नहीं.
*************************

Friday, July 20, 2012

जिन्दगी क्या ?


जिन्दगी कभी नहीं कहती,
अपने गले में फ़न्दा डाल कर,
मुझे ऊंचा उठाओ-


जिदगी तो बस,
इक सयानी गीली मिट्टी सी है,
जिसे जहां रखो,
जिस सांचे में ढालो,
वहीं रम जाएगी, 
जम जाएगी।
**************

Saturday, March 24, 2012

काश मैं सांझा होता


काश मै सांझा चूल्हा होता
एक ही तवे पे बनती रोटी
सांझी थाली में
दिल सांझा
मन सांझा
सारा जग सांझा होता
हर दिन नया नवेला होता
आंगन में गूंजे किलकारी
संवादों का रेला होता
हर घर में मेला होता
इस मेले में
न कई गुम होता
न कोप भवन में सोता
न संवादहीनता-अनबोला होता
और न किसी बूढे-बुढिया का दिल रोता
काश मै सांझा चूल्हा होता..
*****************************

Friday, March 23, 2012

कोई रिश्ता बुन लिया

खनकती आवाज उसकी,
मेरे कानों ने जब सुनी,
यूं लगा जैसे
आसमां ने झुक कर,
धरती को चुम्बन किया,
यूं लगा जैसे, 
समन्दर किनारे,
हजारों सीपियां ने,
कोई रिश्ता बुन लिया,
यूं लगा जैसे,
आंखों की मीनारों ने,
दिल की इमारत को चुन लिया,
यूं लगा जैसे,
आंखों की बरसात ने,
जिन्दगी के सूखे दरख़्तों की, 
पुकार को सुन लिया-
और जब पर्दे हटा के देखा,
तो नई सुबह का नया सूरज,
निकल आया, 
नए जन्म की तरह-
****************

Sunday, February 12, 2012

काश वह परिन्दा होता.


भोला आज फिर
अपने घर की छत पर 
पतंग उड़ा रहा था
उसकी पतंग
नीले आकाश में
परिन्दे की तरह उड़ रही थी
एक दूसरी पतंग से पेंच लड़ा..
प्रतिद्वन्द्वी की पतंग कट गई
भोला के मुख से 
अनायास ही निकला
"वोई काटा हे"
फिर दूसरी पतंग से पेंच लड़ा,
इस बार 
भोला की पतंग कट कर,
आसमान में लहराती हुई
उससे दूर जाने लगी,
भोला एकबारगी जड़ हो गया
दूसरे पल वह घर की छत से नीचे उतरा
गली गली घूमा
अपनी कटी पतंग को ढूंढा
लेकिन जब उसे कहीं भी 
अपनी वह कटी पतंग नहीं मिली
तो वह निराश 
घर लौटते हुए 
सोच रहा था
काश वह परिन्दा होता
और अपनी कटी पतंग को
आसमान से ही ढूंढ लेता
जमीन पर लूटने वाले हाथों में
जाने से पहले
**************

Saturday, February 4, 2012

दिल की बातें


तुम्हारा दिल,
जब करता है बातें,
मेरे दिल से- 
तो सांसे भी,
पल भर, 
अपनी धड़कानों को,
रोक कर,
सुनती हैं बातें,
मेरे और तेरे दिल की-

Saturday, December 31, 2011

कल की सुबह..


सर्द सुबह,
नई सी लगी, 
मगर चेहरे पे नक़ाब, 
पुरानी सी लगी,
घनी कोहरे की चादर,
पहले से कुछ मैली सी लगी,
शायद वक्त के साथ,
घूमते घूमते,
घिस गई है,
जीवन की रस्सी,
कमजोर होकर,
कमजोर कड़ी की तरह, 
बस टूटने के कगार पर है,
कल की सुबह