Friday, May 6, 2011

मेरा सफ़र


माना जिन्दगी सफ़र है,
इस लिए चल रहा हूं,
मंजिल कहां है,
किस बाज़ार में मिलेगी
ये जनता नहीं मैं-


जनता हूं तो बस इतना,
मुझे चलना है
और चलता रहूंगा तो,
शायद मेरी ,
मंजिल भी मेरे साथ चलेगी,
मैं रुकुंगा तो वो भी थम जाएगी।
*******************************

Saturday, April 30, 2011

हम परिन्दे




हम तो परिन्दे है


इन्सां के मोहताज़ नहीं
खुद ही ढूंढ लेंगे
अपना दाना पानी
और आशियाना-
मोहताज़ तो इन्सां है
 दूसरे पर आश्रित रह कर
किसी दूसरे में
ढूंढता है
अपना दाना पानी।


*******************

Thursday, April 14, 2011

गुल्लक


______________
 मेरे शहर के लोग
तरक्की का दावा कर रहे हैं,
आंकड़ों के मकड़ जाल में फंसा रहे हैं,
पहाड़े पढा रहे हैं,
और
कम्प्यूटर की आंख से 
देश की ईज्जत को,
ऊंचा उठा रहे हैं.
लेकिन मेरे घर के सामने ही,
सब्जी मंडी के बाहर,
अपने गले में झोले ‍थैले लटकाए,
अबोध बच्चे,
सब्जी का टोकरा ढोने वाले,
मज़दूरों के पीछे दोड़ते हैं,
टोकरे से गिरे,
सब्जी के टुकड़ों को,
अपने थैलों में सहेजते हैं.
होटल के पिछवाड़े
आठ बरस का रामू
जूठे बर्तन मांजता हुआ
अब भी ऊंघने लगता है
होटल का मलिक
अब भी उसे
डंडे की धमक से जगाता है.
शहर के बाहर
अब भी कचरे के ढेर में
अबोध सिर धंसे हुए हैं
कचरे मैं कुछ ढूंढ रहे हैं.
फिर भी 
तरक्की का दावा करते हैं तो
मान लेता हूं
लेकिन
सब्जी के टोकरे के पीछे
दौड़ने वाले बालक
होटल के पिछवाड़े 
बर्तन धोने वाला रामू
और
कचरे में धंसे अबोध सिर
पहले 
पेट भरने को मेहनत करते थे
अब वे भौतिकता की गुल्लक भरते हैं.
इस गुल्लक को 
भरने की खातिर
अब वे पहले से अधिक तेज
दौड़ते हैं.
*************************

Friday, April 1, 2011

दिल को पिंजरे में कैद ना करना



----------------------
तुम बन्द दरवाजे हो
तो अपनों के लिए
दिल के कपाट 
खोल कर रखना,
दिल को काबू में रखना 
मग़र इस परिन्दे को
पिंजरे में कैद ना करना-


अपनी आंखों में बसंत भर कर
प्यार के पौधे को
ममता के हाथों से सींचना
ताकि दोस्ती के नन्हें पत्तों पर 
कभी पतझड़ ना सके

शरद हो तो
अपनी गोद के लिहाफ़ से गरमा देना
बुरी हवाएं हमला करें तो
अपनी कोमल सांसों के फव्वारे छोड़ना
ताकि प्यार की कोंपलें
मुरझा ना जाए-


सांझ की लाली
होठों पर 
सुबहा-सुनहरी बिन्दिया 
माथे पर
अलसाई-अंगड़ाई को
धीमें से सहला भर देना
किसी तेज हवा के झोंके से
स्नेह का दीप
बुझ ना जाए

सपनों को हकीकत के
पंख लगाना
मन की हर क्यारी में
ममता के फूल खिलाना
और 
बादल बन 
नेह की बून्दे बरसाना
जब हो एकाकीपन,
उदासी के पल
तो इस बगिया में बैठ
बचपन की यादों में
खो जाना
खुद को कीचड़ में
कमल की तरहा उगाना


बन्द दरवाजे हो
तो अपनों के लिए
दिल के कपाट
खोल कर रखना
दिल को काबू में रखना
मग़र इस परिन्दे को
पिंजरे में कैद ना करना-
********************************

Friday, March 4, 2011

सुख़-दुख़ का सफ़र


सुख-दुख का सफ़र
----------------------
मैं आज भी
जीवन के सफ़ेद पन्नों पर
लिखी गई उस शोध को
पढ कर
यह समझ नहीं पाया हूं
कि चाहत के अंकुर से
उभरने वाले पौधे पर
कान्टे क्यों उग आते हैं
परिणति को बिन जाने
आसक्त पांव
बरबस ही बेखौफ
कान्टों की उस पगडंडी पर
 क्यों चलने लगते हैं

इतिहास के कई
ज़ाल बुनकर भी
इस शोधनुमा मछली को
आजतक बांध न पाया
समझ न पाया

शोध के अंतिम छोर तक
एक ही इबारत लिखी हुई थी
जहां फूल है
वहां कांटे भी है,

जहां सुख है 
वहां दर्द है, दुख है, वेदना है
जिन्दगी का ये सफ़र 
एक दूसरे के साथ जुड़ा हुआ है
इस लिए कि
एक के बिना 
दूसरे का अस्तित्व गौण 
हो जाता है।
॑॑॑॑॑॑॑॑॑॑॑॑॑॑॑

तुम मेरे अपने हो..


तुम हो 
तुम्हारा मन है
तुम अपने मन को
अपनी सुविधा के मुताबिक
पतंग की तरह
जिधर चाहे मोड़ लेते हो-

लेकिन मैंने तो
अपने आसमान को
तुम्हारी पतंग के लिए
खाली छोड़ दिया है
तुम जब जी चाहे
इसमें अपनी पतंग को
उड़ाओ या समेट लो-

क्यों की मैं तो 
खुला आसमान हूं
और तुम हवा के साथ 
उड़ने वाला बादल
जो मेरी गोद में रह कर
धरती को देता है 
जीवन की धारा-

अतीत की कड़वी यादें
मुझे सूली की सज़ा देती हैं
लेकिन फिर भी
तुम मेरे अपने हो
अपनेपन के अहसास से ही
मैं जिन्दा हूं-

करवट बदलता हूं
इस कदर सम्भल कर कि
तुम्हारे कोमल पन्खों को
खरोंच ना पहुंचे 
भले ही तुम
मेरे आशि्याने को
अपने पैने पंजो से 
ज़ख्मी कर डालो
क्यों कि तुम
मेरे अपने हो। 
॑॑॑॑॑॑॑॑॑॑॑॑

Wednesday, March 2, 2011

तीन क्षणिकाएं


वर्तमान राजनीति
--------------
एक नग्न मूर्ती
मंच पर चिल्ला रही है
पांडाल में बैठी 
जनता से
फ़रमा रही है
अश्लीलता , नग्नता
के खिलाफ 
पाठ पढा रही है।
॑॑॑॑॑॑॑॑॑॑
समाजवाद
----------
टूटी टांग का कुत्ता
एवरेस्ट की ओर
झांक रहा है-

 भंडार भरे हैं
 फिर भी
आम आदमी
धूल फांक रहा है।

॑॑॑॑॑॑
सरकारी बजट
----------
एक ऎसा मीठा फल
जिसे जनता के हित के लिए
पकाया गया
और उसे
सरकारी कर्मचरी
अधिकारी और
जनप्रतिनिधि
नोच नोच कर
खाते हैं।
##########